*गायन, नृत्य, फैशन शो से लेकर क्रिकेट, फुटबॉल और रेसिं+ग तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा*
*विज्ञान, एलाइड हेल्थ एंड साइंसेज, फार्मेसी और नर्सिंग संकाय के विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक*
लखनऊ। एरा यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव ‘एराफेस्टा’ का समापन बुधवार को बेहद भव्य अंदाज में हुआ। विश्वविद्यालय के मेन ग्राउंड में आयोजित समापन समारोह में गीत-संगीत, गजल, नृत्य, फैशन शो और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। तीन दिनों तक चले इस महोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में प्रो. साबिरा हबीब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर एरा यूनिवर्सिटी की प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. फरजाना मेहदी, चेयरपर्सन प्रो. डॉ. गजाला जैदी, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. डॉ. तनवीर खदीजा तथा सांस्कृतिक एवं खेल प्रभारी डॉ. रूपाली मिर्जा और डॉ. शलभ कुमार सिंह भी मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत एराफेस्टा की यादगार झलकियों के साथ हुई। इसके बाद समूह गायन की शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने मिलकर ‘इश्क सूफियाना’, ‘मन मस्त मगन’, ‘काली-काली जुल्फों के फंदे’, ‘हिज्र-ए-मोहब्बत यारा’ और ‘दमा दम मस्त कलंदर’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया।
फैकल्टी ऑफ साइंस की सानिया ने एकल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं, जबकि मुनव्वर अली ने एकल गायन में अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, हसन बाकरी और दूरफिशां फातिमा ने ‘फेस्टिवल ऑफ अवध’ विषय पर दास्तानगोई प्रस्तुत कर अवध की सांस्कृतिक विरासत और पर्वों की विशेषताओं को खूबसूरती से बयां किया।

एराफेस्टा में वारियर्स, स्पार्टन्स, पैंथर्स और ट्रोजन्स नाम से चार हाउस बनाए गए थे। इनमें फैकल्टी ऑफ साइंस, एलाइड हेल्थ एंड साइंसेज, फार्मेसी और नर्सिंग संकायों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। क्रिकेट, फुटबॉल और रेसिंग सहित कई खेल गतिविधियों ने महोत्सव को और रोमांचक बनाया।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण फैशन शो रहा। इसमें विद्यार्थियों ने ‘ट्रैश टू ट्रेजर’ थीम के तहत बेकार और अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक परिधान तैयार कर रैम्प पर प्रदर्शन किया। वहीं, रेट्रो फैशन शो में अस्सी के दशक के फैशन को जीवंत करते हुए विद्यार्थियों ने शानदार परिधान प्रस्तुत किए। ग्रुप डांस की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसी क्रम में आयोजित मुशायरे में ‘खतों का जमाना, मोहब्बत का फसाना’ विषय पर सानिया, नेहाल, रेहान और कौसर सहित अन्य विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक शेर सुनाकर श्रोताओं की वाहवाही लूटी।
एराफेस्टा में विद्यार्थियों की ओर से विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए। इनमें खानपान के स्टॉल के अलावा कैलीग्राफी, लेडीज सूट, हिजाब और आर्टिफिशियल ज्वेलरी के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों और आगंतुकों ने इन स्टॉलों पर खरीदारी का भी आनंद लिया। उल्लेखनीय है कि एराफेस्टा का उद्घाटन 12 नवंबर को विश्वविद्यालय के मेन ग्राउंड में प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. फरजाना मेहदी ने किया था। इस अवसर पर चेयरपर्सन प्रो. डॉ. गजाला जैदी, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. डॉ. तनवीर खदीजा तथा डॉ. रूपाली मिर्जा और डॉ. शलभ कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
एराफेस्टा के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फैकल्टी ऑफ साइंस के वारियर्स हाउस की टीम ने मुशायरा प्रतियोगिता अपने नाम की। इस टीम में रेहान, रूहान, सानिया और कौसर रिजवी शामिल रहे। वहीं, दास्तानगोई प्रतियोगिता की ट्रॉफी भी फैकल्टी ऑफ साइंस के वारियर्स हाउस के हसन बाकरी और दूरफिशा ने जीती।
एकल गायन प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ साइंस के मुनव्वर अली विजेता बने, जबकि समूह गायन प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ फार्मेसी के पैंथर्स हाउस ने बाजी मारी। इस टीम में हल्के गुल, अली रिजवी, अलीजा, जैनब फातिमा, समाना कासिम और मिधत रिजवी शामिल रहे। डांस सोलो प्रतियोगिता में सानिया ने जीत हासिल की, जबकि ग्रुप डांस का खिताब फैकल्टी ऑफ साइंस के वारियर्स हाउस ने अपने नाम किया। विजेता टीम में अनुराग, जिकरा, गौरी, जुनैरा, दिव्यांशी, उन्नति, श्रेया और अलीशा शामिल थीं।
‘ट्रैश टू ट्रेजर’ प्रतियोगिता में एलाइड हेल्थ एंड साइंसेज संकाय की अनीस फातिमा, नश्ता, महिना, हना और वानिया की टीम विजेता रही। फैशन शो में फजल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए *मिस्टर एरा फेस्टा* का खिताब हासिल किया, जबकि फैकल्टी ऑफ साइंस की फरीहा सैयदा *मिस एरा फेस्टा* बनीं। फरजान को *बेस्ट अटायर* और फैकल्टी ऑफ फार्मेसी की बतूल जहरा को *चारिस्मैटिक पर्सनैलिटी* का खिताब प्रदान किया गया।
तीन दिनों तक चले एराफेस्टा महोत्सव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहयोग, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत करने का शानदार मंच प्रदान किया। उत्साह और उमंग से भरे इस आयोजन का समापन यादगार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभाओं के सम्मान के साथ हुआ।

More Stories
NLMS स्कूल (न्यू लखनऊ मांटेसरी स्कूल) के विद्यार्थियों ने किया AI एवं रोबोटिक्स प्रदर्शनी का आयोजन
UPT20 League 2026 Opening Ceremony Tickets Officially Launched at Ekana Stadium
UP RTE Admission 2026: Registration for admissions under RTE to start from February 2nd, prepare all related documents