November 28, 2026

Max Candid News

Your Voice Matters!

एरा मेडिकल कॉलेज में काला-आजार और मलेरिया की रोकथाम, शुरुआती जांच और इलाज पर विशेषज्ञों ने किया मंथन

MCN News

समय पर जांच, सही उपचार और स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण बीमारियों के उन्मूलन के लिए जरूरी : प्रो. अब्बास अली महदी

लखनऊ, 28 नवंबर :  काला-आजार और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के प्रभावी नियंत्रण और उन्मूलन के लिए समय पर बीमारी की पहचान, सटीक जांच और उचित उपचार बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को इन बीमारियों के लक्षणों, आधुनिक जांच तकनीकों और उपचार की नवीनतम विधियों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। यह विचार एरा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अब्बास अली महदी ने शनिवार को व्यक्त किए। वह एरा विश्वविद्यालय के एरा’ज लखनऊ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को काला-आजार एवं मलेरिया की पहचान, जांच और उपचार से संबंधित नवीनतम वैज्ञानिक जानकारियों से अवगत कराना तथा इन बीमारियों के नियंत्रण और उन्मूलन के प्रयासों को और प्रभावी बनाना था। कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए प्रो. महदी ने कहा कि भारत ने मलेरिया और काला-आजार पर नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन इन बीमारियों के पूर्ण उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास जारी रखना आवश्यक है। इसके लिए आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने, बचाव के उपाय अपनाने, समय रहते बीमारी की पहचान करने और प्रभावी उपचार के साथ नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देना होगा।

अपने लगभग चार दशक के शोध अनुभव साझा करते हुए प्रो. महदी ने बताया कि उन्होंने मलेरिया और काला-आजार पर व्यापक वैज्ञानिक अध्ययन किया है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों के कारणों, प्रसार, लक्षणों, निदान और उपचार को भारतीय परिस्थितियों के अनुसार समझना बेहद महत्वपूर्ण है। रेजिडेंट डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को आधुनिक जांच प्रक्रियाओं तथा उपचार के नवीन तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि वैज्ञानिक शोध का वास्तविक लाभ तभी संभव है, जब उसे अस्पतालों में मरीजों के उपचार और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाए।

प्रो. महदी ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संक्रामक बीमारियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए चिकित्सा शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य संगठनों और जनस्वास्थ्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विशेष लाभ आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में मिलेगा।

इस अवसर पर एरा’ज लखनऊ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रिंसिपल एवं चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. (डॉ.) जमाल मसूद ने अतिथियों, विशेषज्ञों और कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों का स्वागत किया।

डब्ल्यूएचओ, उत्तर प्रदेश के नेगलेक्टेड ट्रॉपिकल डिजीज (एनटीडी) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. तनुज शर्मा ने अपने संबोधन में काला-आजार की वैश्विक, राष्ट्रीय और उत्तर प्रदेश की स्थिति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मलेरिया के क्लीनिकल निदान एवं उपचार के साथ-साथ काला-आजार के उन्मूलन की रणनीतियों और प्रभावी रोग निगरानी प्रणाली की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला में PATH के स्टेट एनटीडी लीड डॉ. शोएब अनवर और सीनियर प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. सिद्धार्थ दत्ता ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। वैज्ञानिक सत्रों के दौरान काला-आजार और मलेरिया के प्रसार, उनकी पहचान, जांच और उपचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा पोस्ट काला-आजार डर्मल लीशमैनियासिस (पीकेडीएल) की पहचान और उसके बेहतर प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।

कार्यशाला में मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी और कम्युनिटी मेडिसिन विभागों के फैकल्टी सदस्यों तथा रेजिडेंट डॉक्टरों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञों को अपने अनुभव साझा करने, नई जानकारियां प्राप्त करने और वैज्ञानिक विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिला।

इस कार्यक्रम को विश्व स्वास्थ्य संगठन, उत्तर प्रदेश की ओर से पूरी तरह प्रायोजित किया गया। संगठन ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए प्रशिक्षण सामग्री और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में भी सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में एरा’ज लखनऊ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रूबी खातून ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस कार्यशाला के माध्यम से एरा विश्वविद्यालय ने चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्यकर्मियों के कौशल विकास और काला-आजार एवं मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के उन्मूलन से जुड़े राष्ट्रीय एवं वैश्विक प्रयासों में अपनी सक्रिय भागीदारी और प्रतिबद्धता दोहराई।