उत्तर प्रदेश सरकार कारोबार में महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में पहली बार प्रस्तावित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में हर जिले से चार उद्यमियों को शामिल किया जाएगा। इनमें दो महिला उद्यमियों को प्राथमिकता पर शामिल करने को कहा गया है।

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि इस शो में उत्तर प्रदेश के 2000 से भी ज्यादा मैन्यूफैक्चरर्स और एक्सपोर्टर्स को शामिल किया जाएगा। इसमें आपको बनारस की गुलाबी मीनाकारी दिखेगी तो बांदा का सिल्क भी दिखेगा। इसी तरह बनारस और बांदा का शाजर स्टोन कफलिंक, कन्नौज का इत्र, लखनउ की चिकनकारी, मुरादाबाद का ब्रास वर्क, आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी भी दिखेगी।
राज्य सरकार इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में 21 से 25 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन कर रही है। यह ट्रेड शो करीब 50 हजार वर्गमीटर के क्षेत्रफल में होगा। इसमें पिछले 3-4 वर्ष में अपना कारोबार शुरू करने वाले नए उद्यमियों व महिला उद्यमियों को रियायती दर पर भाग लेने का मौका मिलेगा।शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शो में फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गनाइजेशन (फियो) के माध्यम से 400 विदेशी खरीदार भी आमंत्रित किए जाएंगे। केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय ने राज्य सरकार के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेड शो हर वर्ष 21 से 25 सितंबर के बीच कराने पर भी सहमति बनी है।
ट्रेड शो से यूपी के उत्पादों (सामान व सेवाएं) की अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंच आसान होगी। नए उद्यमियों और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को प्रोत्साहन मिलेगा। ट्रेड शो में प्रदेश के व्यंजनों के स्टॉल भी लगेंगे। कौशल विकास मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण विकास मिशन भी इस ट्रेड शो का हिस्सा बनेंगे।
ट्रेड शो के संचालन व मैनेजमेंट के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तर्ज पर पोर्टल भी बनेगा। इस पोर्टल पर फ्यूचर पार्टनरशिप के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया है। ट्रेड शो में सरकार के सभी विभागों को शामिल होने को कहा गया है। विभागवार स्थान का आवंटन कर दिया गया है।

More Stories
NLMS स्कूल (न्यू लखनऊ मांटेसरी स्कूल) के विद्यार्थियों ने किया AI एवं रोबोटिक्स प्रदर्शनी का आयोजन
UPT20 League 2026 Opening Ceremony Tickets Officially Launched at Ekana Stadium
UP RTE Admission 2026: Registration for admissions under RTE to start from February 2nd, prepare all related documents