लखनऊ। एराज़ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित छह दिवसीय वार्षिक उत्सव ‘इग्नाइट-2026’ का गुरुवार को खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के उत्साहपूर्ण आयोजन के साथ समापन हुआ। खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बिखेरी अपनी प्रतिभा की चमक, सफायर टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चले इस उत्सव में एमबीबीएस के विद्यार्थियों ने खेल, कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफायर टीम का दबदबा देखने को मिला। उत्सव के दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, थ्रोबॉल, खो-खो, फुटसल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही डांस, नुक्कड़ नाटक, क्विज, पेंटिंग, फैशन शो, थिएटर, कविता, शायरी और गायन जैसी सांस्कृतिक गतिविधियों ने भी विद्यार्थियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
उत्सव के अंतिम दिन बालक एवं बालिका वर्ग की क्रिकेट, फुटबॉल और थ्रोबॉल प्रतियोगिताओं के मुकाबले खेले गए। प्रोफेसर एवं स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राघवेंद्र सिंह की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। क्रिकेट के बालक और बालिका दोनों वर्गों के फाइनल में सफायर ने फोनिक्स को पराजित कर दोहरी चैंपियनशिप अपने नाम की। थ्रोबॉल के फाइनल में भी सफायर ने फोनिक्स को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में मोनिस ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। 100 मीटर में आफिफ दूसरे और आकिफ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि 200 मीटर में शाजिल ने रजत और इमाद ने कांस्य पदक हासिल किया। बालक वर्ग की रिले दौड़ में मोनिस, सरताज, अंकुर और सुहैल की टीम विजेता रही। वहीं मिश्रित रिले में मोनिस, सरताज, ऋषिका और शिवानी की टीम ने स्वर्ण पदक जीता।

भाला फेंक प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सुहैल और बालिका वर्ग में शिवानी ने पहला स्थान हासिल किया। डिस्कस थ्रो में मुख्तार और अनुष्का अपने-अपने वर्ग में विजेता बने। जैवलिन थ्रो के बालक वर्ग में सुहैल ने 59 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। जाफर दूसरे और ऋतिक तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में शिवानी ने बाजी मारी। 400 मीटर दौड़ में सरताज ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि शॉट पुट में सफायर के आसिम बॉस और बालिका वर्ग में शिवानी विजेता बनीं।
अन्य खेल मुकाबलों में खो-खो के फाइनल में सफायर ने फोनिक्स को हराकर खिताब जीता। फुटसल में फोनिक्स ने सफायर को शिकस्त दी, जबकि वॉलीबॉल में अल्फा ने सफायर को पराजित किया। क्रिकेट मुकाबले में पीजी की टीम ने इवोक को हराया। बास्केटबॉल के बालक वर्ग का फाइनल अल्फा और सफायर के बीच खेला गया।
तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। एकल एवं युगल नृत्य, मेहंदी, स्केचिंग, वॉल पेंटिंग, फेस पेंटिंग, डिजिटल पेंटिंग, कैनवास पेंटिंग, कैरिकेचर, रंगोली, डिबेट, ट्रेजर हंट और फैशन शो जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
एकल नृत्य प्रतियोगिता में सफायर की आकांक्षा ने प्रथम, उत्कर्ष ने द्वितीय और इवोक की शैली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। युगल नृत्य में सफायर की श्रीजया और हिबा की जोड़ी विजेता रही। नुक्कड़ नाटक में फोनिक्स ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि क्विज प्रतियोगिता में सफायर विजेता बनी। डिजिटल पेंटिंग में फोनिक्स के आदित्य श्रीवास्तव ने बाजी मारी। ट्रेजर हंट प्रतियोगिता में भी सफायर ने पहला स्थान प्राप्त किया।

मेहंदी और फेस पेंटिंग में सफायर ने पहले और दूसरे दोनों स्थानों पर कब्जा जमाया। कैनवास पेंटिंग में इन्विक्टस विजेता रही। कैरिकेचर प्रतियोगिता में सफायर और फोनिक्स संयुक्त रूप से प्रथम रहीं। वहीं वॉल पेंटिंग और स्केचिंग में सफायर ने शीर्ष स्थान हासिल किया। फैशन शो में भी सफायर विजेता बनी, जबकि फोनिक्स दूसरे स्थान पर रही। साहित्यिक और मंचीय प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। एक्सटेम्पर में सफायर के अक्षत प्रथम रहे। हिंदी और अंग्रेजी कविता प्रतियोगिताओं में सफायर ने पहला स्थान हासिल किया। थिएटर प्ले में फोनिक्स विजेता बनी, जबकि डिबेट प्रतियोगिता में सफायर ने बाजी मारी। समापन दिवस पर शायरी, गायन, पोएट्री और स्टैंडअप कॉमेडी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
प्रतियोगिताओं का उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रोफेसर जमाल मसूद और प्रोफेसर एमएमए फरीदी ने किया। इस अवसर पर डॉ. निरुपमा लाल, डॉ. एसपी जैसवार और डॉ. दिलशाद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रोफेसर एमएमए फरीदी ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं प्रधानाचार्य प्रोफेसर जमाल मसूद ने प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों और प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

छह दिवसीय इस आयोजन में सफायर, फोनिक्स, इवोक और इन्विक्टस सहित विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया। ‘इग्नाइट-2026’ ने विद्यार्थियों को अकादमिक गतिविधियों से इतर खेल, कला, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर प्रदान किया। उत्साह, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना के बीच आयोजित यह वार्षिक उत्सव यादगार पलों के साथ संपन्न हुआ।

More Stories
Uttar Pradesh Hockey Celebrates Sub-Junior Men’s Team Gold Medal Victory